मसौढ़ी में पी० पी० पब्लिक स्कूल का विज्ञान प्रदर्शनी सह फूड फेस्टिवल सम्पन्न
प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग प्रकृति के अनुरूप करते हुए संतुष्ट जीवन जीना ही सच्ची प्रगति है।
अभिषेक कुमार की रिपोर्ट

मसौढ़ी में पी० पी० पब्लिक स्कूल का विज्ञान प्रदर्शनी सह फूड फेस्टिवल सम्पन्न
मसौढ़ी। धनरूआ थाना क्षेत्र स्थित विरंची के पी० पी० पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी सह फूड फेस्टिवल का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ पी०पी० शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष डॉ० अभिराम सिंह ने रिवन काट कर किया। अतिथियों का स्वागत स्वागत गान एवं मनमोहक स्वागत नृत्य के साथ किया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर उठा।

अपने संबोधन में डॉ० अभिराम सिंह ने कहा कि विद्यालय का शिक्षा के क्षेत्र में न केवल बिहार बल्कि राज्य के बाहर भी गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और वैज्ञानिक सोच के विकास पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर पर्यावरण और संतुलित जीवन के लिए विज्ञान की अहम भूमिका है। प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग प्रकृति के अनुरूप करते हुए संतुष्ट जीवन जीना ही सच्ची प्रगति है।

विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने आधुनिक तकनीक और मशीनरी विधि पर आधारित विभिन्न मॉडलों एवं उपकरणों का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर अतिथियों ने उनकी प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की। वहीं फूड फेस्टिवल में बच्चों द्वारा लगाए गए विविध व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। अतिथियों ने सभी स्टॉल का निरीक्षण कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय प्राचार्य ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाना है। इस सफल आयोजन में शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही। कार्यक्रम में सुभाष चन्द्र बोस, वरीय शिक्षक सुबोध कुमार, कौशल कुमार, दिलशाद आलम सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

