राजनीति
Trending

पीपलावां में गूंजा विकसित भारत का संकल्प

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गिनाईं मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां

अभिषेक कुमार की रिपोर्ट 

नौबतपुर, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा पटना जिला ग्रामीण की ओर से नौबतपुर के पीपलावां स्थित वेलकम रिसोर्ट में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, शिक्षाविद और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, बिक्रम विधायक सिद्धार्थ सौरभ, विधान परिषद सदस्य अनामिका सिंह पटेल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का स्वर्णिम काल” बताया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाना, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और सीतामढ़ी में माता जानकी मंदिर कॉरिडोर जैसे ऐतिहासिक कार्य मोदी सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति का प्रमाण हैं।

उन्होंने बिहार सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य में सोलर रूफटॉप योजना, विधवा एवं वृद्धा पेंशन में वृद्धि, बिहटा एयरपोर्ट, बिक्रम ट्रामा सेंटर, PNG गैस पाइपलाइन, नौबतपुर लॉक पर पुल निर्माण, रैपिड रेल परियोजना और किसानों को सम्मान निधि जैसी योजनाएं तेजी से लागू की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूरे क्षेत्र में “पाटलिपुत्र” नाम से आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी, जिसमें उद्योग, खेल सुविधाएं और आधुनिक आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी। साथ ही 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल और 213 नए डिग्री कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण बिहार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को प्रत्येक घर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता लगातार अभियान चलाएंगे।

विधायक सिद्धार्थ सौरभ ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं, जबकि पूर्व विधायक रामजन्म शर्मा ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में बिहार में विकास की गति तेज हुई है।

सम्मेलन में पूर्व विधायक डॉ. उषा विद्यार्थी, अतुल कुमार, आशुतोष कुमार, रवींद्र रंजन, किरण कुमारी, अशोक वर्मा, धर्मेंद्र कुमार, संजीव यादव, स्तुति गुप्ता, रजनीश तिवारी समेत भाजपा के अनेक पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button